दिल्ली पुलिस की भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को दो अलग-अलग अंतरराज्यीय ऑपरेशनों में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने बिहार के सिवान से एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है, वहीं हत्या के एक दोषी को भी दबोच लिया है, जो फरलो पर जेल से बाहर आने के बाद डेढ़ साल से अधिक समय से फरार चल रहा था।
पहले मामले में, भलस्वा डेयरी थाने में दर्ज आबकारी अधिनियम के एक केस में वांछित घोषित अपराधी पस्पत को बिहार के सिवान से गिरफ्तार किया गया। आरोपी अदालत की कार्यवाही से लगातार बच रहा था और उसे घोषित अपराधी करार दिया गया था। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
वहीं दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने हत्या के दोषी मो. रमजानी को बिहार के किशनगंज में पश्चिम बंगाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया। रमजानी को वर्ष 2016 के हत्या और अपहरण के मामले में दोषी ठहराया गया था। दिल्ली हाई कोर्ट से मिली 15 दिन की फरलो खत्म होने के बाद भी उसने 16 जनवरी 2025 को सरेंडर नहीं किया और फरार हो गया था। लगातार तकनीकी निगरानी और अंतरराज्यीय स्तर पर की गई कार्रवाई के बाद आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
ये दोनों कार्रवाई नॉर्दर्न रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस विजय कुमार के निर्देशन, आउटर नॉर्थ जिले के एडिशनल डीसीपी-1 अमित कौशिक की निगरानी तथा एसीपी स्वरूप नगर के सुपरविजन में की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व भलस्वा डेयरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश राणा ने किया, जबकि टीम में हेड कॉन्स्टेबल टीनू और कॉन्स्टेबल विनय भी शामिल रहे।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये सफलताएं फरार अपराधियों और दोषियों को कानून के दायरे में लाने की उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं और यह संदेश देती हैं कि राज्य की सीमाएं पार कर भी कोई अपराधी कानून से बच नहीं सकता

