राजधानी दिल्ली में साइबर ठगों ने एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार जाल में रक्षा मंत्रालय के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को फंसाया गया, जिनसे पांच दिनों तक डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 2 करोड़ 2 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की आईएफएसओ यूनिट ने लखनऊ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी गौरव त्यागी के मुताबिक, पीड़ित को अनजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोलने के लिए किया गया है, जिसमें 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इसके बाद आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी का डर दिखाया और लगातार फोन पर निगरानी रखी।
मानसिक दबाव में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2.02 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई फर्जी और म्यूल खातों के जरिए घुमाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान खान, राम किशोर और रूपेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों की भूमिका ठगी की रकम जुटाने, खातों के संचालन और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए कमीशन बांटने में थी। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और बाकी रकम का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


