लखनऊ के अलीगंज में हुए शूटआउट की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, इस हमले के पीछे की कहानी ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। जिस पति पर गोलियां चलाई गईं, उसी की हत्या की साजिश में पत्नी की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में पत्नी और उसके प्रेमी सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामला 28 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 10 बजे का है। अलीगंज थाना क्षेत्र में पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक मातुल्य फास्ट फूड दुकान के बगल में अनुराग शुक्ला पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस दौरान एक गोली अनुराग के दाहिने हाथ में लगी थी। घायल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया।
जांच में पुलिस को पता चला कि अनुराग की पत्नी आशी मिश्रा के उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात सिपाही नितिन राणा से प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात 2022 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। साल 2025 में आशी की शादी अनुराग से होने के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा।
पुलिस के मुताबिक, आशी और नितिन ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसके लिए छह लाख रुपये में सुपारी तय की गई। सिपाही नितिन ने आशी को अलग सिम कार्ड भी दिया था। डीसीपी उत्तरी अमित आनंद के मुताबिक, पुलिस मामले में साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - सन्नी तुषीर


