Delhi Samachar
दीपावली की रात बनगवां मंडी में भीषण अग्निकांड! 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, भारत-नेपाल की दमकल टीमों ने मिलकर पाया आग पर काबू

दीपावली की रात बनगवां मंडी में भीषण अग्निकांड! 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख, भारत-नेपाल की दमकल टीमों ने मिलकर पाया आग पर काबू

Delhi SamacharDelhi Samachar09 November 2026, 07:30 AM6 views

भारत-नेपाल सीमा से सटी बनगवां मंडी में दीपावली की रात कुछ ऐसा हुआ, जिसने व्यापारियों की सालों की मेहनत को चंद घंटों में राख के ढेर में बदल दिया। मंडी में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक 50 से ज्यादा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

दरअसल, यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के गौरीफंटा कोतवाली क्षेत्र की प्रसिद्ध बनगवां मंडी का है। जिला मुख्यालय से करीब 110 किलोमीटर दूर स्थित इस मंडी में फल-सब्जी, परचून समेत सैकड़ों दुकानें संचालित होती हैं। दीपावली की रात अचानक आग भड़क उठी। शुरुआत में दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं और दुकानों में रखे ज्वलनशील सामान के चलते आग तेजी से फैलती चली गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। आग बुझाने के लिए लखीमपुर, गोला और निघासन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के चलते अतिरिक्त मदद बुलानी पड़ी।

इसके बाद भाजपा नेता रवि गुप्ता के अनुरोध पर नेपाल के धनगढ़ी उपमहानगरपालिका के मेयर गोपी हमाल ने दमकल की दो गाड़ियां और एक जेसीबी बनगवां मंडी भेजी। नेपाल की नगर प्रहरी टीम ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

काफी मशक्कत के बाद भारत और नेपाल की दमकल टीमों ने आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक 50 से ज्यादा दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। इस अग्निकांड में व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।