Delhi Samachar
चलती बाइक पर महिला को आगे बैठाकर युवक की हरकत, रामवन गमन मार्ग का वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

चलती बाइक पर महिला को आगे बैठाकर युवक की हरकत, रामवन गमन मार्ग का वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

Delhi SamacharDelhi Samachar12 November 2026, 07:18 AM17 views

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में सड़क पर एक युवक की ऐसी हरकत कैमरे में कैद हुई है, जिसने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती बाइक पर महिला को आगे बैठाकर युवक न सिर्फ तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाता रहा, बल्कि महिला के साथ रोमांस करता भी नजर आया। सड़क पर दोनों की इस हरकत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मामला कौशाम्बी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में बसेड़ी स्थित रामवन गमन मार्ग का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में युवक अपाचे बाइक चलाता दिखाई दे रहा है, जबकि एक महिला उसके आगे बैठी हुई है। दोनों चलती बाइक पर एक-दूसरे के काफी करीब नजर आते हैं। इस दौरान युवक का ध्यान सड़क पर कम और महिला के साथ दिखाई दे रही हरकतों पर ज्यादा नजर आता है।

राहगीरों ने इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोग युवक की इस हरकत पर नाराजगी जता रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर सड़क पर इस तरह की लापरवाही करके कोई अपनी ही नहीं, बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में क्यों डालता है?

दरअसल, चलती बाइक पर इस तरह महिला को आगे बैठाना और चालक का ध्यान भटकना किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है। अचानक ब्रेक लगाने या सामने से वाहन आने पर बाइक का संतुलन बिगड़ सकता है।

मामले में डीएसपी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। युवक की पहचान और उसके पते की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रामवन गमन मार्ग का यह वीडियो चर्चा में बना हुआ है।

रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।