Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
बजाज फाइनेंस के नाम पर ₹10.15 लाख की ठगी, फर्जी लोन कॉल सेंटर का भंडाफोड़; टीम लीडर और मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

बजाज फाइनेंस के नाम पर ₹10.15 लाख की ठगी, फर्जी लोन कॉल सेंटर का भंडाफोड़; टीम लीडर और मैनेजर समेत 6 गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar19 November 2026, 10:50 AM14 views

रोहिणी जिले के विजय विहार इलाके से ठगी के एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो लोगों को लाखों रुपये का लोन दिलाने का सपना दिखाकर उनकी जमा पूंजी पर हाथ साफ कर रहा था। आरोपी खुद को बजाज कैपिटल फाइनेंस का प्रतिनिधि बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी 20 लाख रुपये तक का लोन कम या शून्य ब्याज दर पर दिलाने का लालच देते थे। इसके बाद इंश्योरेंस और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम वसूलकर संपर्क तोड़ देते थे। इसी तरीके से विजय विहार फेज-2 निवासी विकास से 10 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत पर 17 नवंबर 2026 को FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई।

SHO इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल, लोकेशन और डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया गया।

मौके से टीम लीडर कृष्णा, मैनेजर जतिन और चार टेली कॉलर्स समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने लैंडलाइन फोन, मोबाइल, राउटर और ठगी के लिए तैयार की गई फर्जी कॉलिंग स्क्रिप्ट वाली नोटबुक बरामद की है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य पीड़ितों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - सन्नी तुषीर

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।