दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखंड पवेलियन लोगों के आकर्षण का खास केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंचने वाले लोगों को पहाड़ों की खूबसूरती, पारंपरिक संस्कृति और खानपान की ऐसी झलक देखने को मिल रही है, जो उन्हें देवभूमि की याद दिला रही है।
पवेलियन की शुरुआत ही बेहद आकर्षक अंदाज में होती है। इसका मुख्य प्रवेश द्वार बदरीनाथ धाम के मुख्य द्वार की तर्ज पर तैयार किया गया है, जबकि दीवारों पर उकेरी गई पारंपरिक ऐपण कला उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
भारत मंडपम के हॉल नंबर-3 के प्रथम तल पर सजे इस पवेलियन में 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के जरिए उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के खानपान, पारंपरिक पहनावे, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
खास बात यह है कि यहां आने वाले लोगों को पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का भी मौका मिल रहा है। अल्मोड़ा की मशहूर बाल मिठाई लोगों के बीच खास आकर्षण बनी हुई है। अपने चॉकलेटी रंग और ऊपर लगे छोटे-छोटे सफेद चीनी के दानों के कारण यह मिठाई लोगों का ध्यान खींच रही है।
कुल मिलाकर उत्तराखंड पवेलियन व्यापार मेले में सिर्फ उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देवभूमि की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय हुनर को करीब से जानने का एक खास अवसर बन रहा है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


