Delhi Samachar
गाजियाबाद: सोसायटी के बेसमेंट में पटाखे की चिंगारी से कार में लगी आग, CCTV में कैद हुई युवक की हरकत

गाजियाबाद: सोसायटी के बेसमेंट में पटाखे की चिंगारी से कार में लगी आग, CCTV में कैद हुई युवक की हरकत

Delhi SamacharDelhi Samachar19 November 2026, 09:01 AM3 views

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GH-7 सोसायटी में बुधवार रात एक छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे की वजह बन सकती थी। टावर-7 के बेसमेंट में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सोसायटी की सिक्योरिटी और फायर सेफ्टी टीम ने आग पर काबू पा लिया, वरना बेसमेंट में खड़ी सैकड़ों गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं।

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजकर 34 मिनट की है। बेसमेंट में गश्त कर रहे सिक्योरिटी गार्ड ने कार में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद सिक्योरिटी टीम, फायर सेफ्टी टीम और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इस घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है।

वहीं, सोसायटी के CCTV फुटेज में एक व्यक्ति पास खड़ी कार से निकलकर पटाखा चलाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि पटाखे की चिंगारी कार के कवर पर गिरी, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते कार तक पहुंच गई।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग और क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंची। कार मालिक ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। गौर करने वाली बात यह है कि दीपावली पर भी इसी टावर की दसवीं मंजिल के एक बंद फ्लैट की बालकनी में पटाखे से आग लग चुकी है।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।