मथुरा के वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के पास बुधवार दोपहर अचानक उठे काले धुएं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। देखते ही देखते धुएं का गुबार इतना फैल गया कि करीब 500 मीटर दूर से भी नजर आने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
दरअसल, आग बांके बिहारी मंदिर के वीआईपी रास्ते के पास अकोला वाली धर्मशाला के नजदीक एक बंद पड़े मकान में लगी थी। बताया जा रहा है कि मकान काफी समय से बंद और खंडहर हालत में था। आशंका जताई जा रही है कि किसी आतिशबाजी का जलता हुआ हिस्सा वहां रखे थर्माकोल पर गिर गया, जिससे आग भड़क उठी।
सूचना मिलते ही बांके बिहारी पुलिस चौकी पर तैनात एसआई शिव कुमार शर्मा और सिपाही अनिकेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पानी के पाइप और अन्य साधनों के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
हालांकि, घटना के दौरान दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, लेकिन घनी आबादी और संकरी गलियों के बीच एक घंटे तक दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी।
राहत की बात यह रही कि आग मंदिर के पट बंद होने के दौरान लगी, जिससे श्रद्धालुओं की भीड़ वहां मौजूद नहीं थी। वरना संकरी गलियों में आग लगने की यह घटना बड़ा हादसा बन सकती थी।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


