आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस की AATS को बड़ी कामयाबी मिली है।
घोषित अपराधियों यानी Proclaimed Offenders के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत AATS ने एक ही दिन में तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल DCP-I लोकेश्वरन आर के मार्गदर्शन और ACP ऑपरेशंस दिनेश कुमार की देखरेख में की गई।
वहीं, AATS के इंचार्ज इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में PO टीम ने तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर की गई जांच के जरिए इन तीनों आरोपियों को ट्रेस किया।
गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम अमर उर्फ जतिन उर्फ चक्काना उर्फ योगेश का है। 24 वर्षीय अमर मंगोलपुरी का रहने वाला है। उसे केशव पुरम थाना क्षेत्र के एक मामले में अदालत ने घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, इसके खिलाफ पहले से 20 मामले दर्ज हैं।
दूसरा आरोपी कुलदीप उर्फ बुड्डा है। 31 वर्षीय कुलदीप किराड़ी सुलेमान नगर का रहने वाला है। उसे साउथ रोहिणी थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इसके खिलाफ पहले से 22 मामले दर्ज हैं।
तीसरा आरोपी विनय उर्फ अक्षय है। 31 वर्षीय विनय गांव गन्नौर, जिला सोनीपत का रहने वाला है। उसे सुल्तानपुरी थाने में दर्ज वर्ष 2017 के एक मामले में अदालत ने घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम में ASI संदीप और HC अभिषेक खत्री शामिल थे। टीम ने डिजिटल इंटेलिजेंस के साथ-साथ फील्ड इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करते हुए तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से एक बार फिर साफ हुआ है कि आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट AATS घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए तकनीकी निगरानी और जमीनी खुफिया जानकारी का प्रभावी इस्तेमाल कर रही है।
एक ही दिन में तीन घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी को आउटर नॉर्थ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।


