Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
दिल्ली: बीमा पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर 2.76 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार..!

दिल्ली: बीमा पॉलिसी पर लोन दिलाने का झांसा देकर 2.76 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार..!

Delhi SamacharDelhi Samachar18 November 2026, 10:44 AM10 views

राजधानी दिल्ली में लोगों को बैंक और बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शातिर ठगों ने एक व्यक्ति की आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर उसे लाखों रुपये का चूना लगा दिया। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान तारिफ अनवर, अंसार अहमद, ओमेश्वर दयाल शर्मा और अमित कुमार शर्मा के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों से की गई है। आरोपियों के कब्जे से छह मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

दरअसल, महावीर एन्क्लेव निवासी पीड़ित ने साल 2020 में जीवन बीमा पॉलिसी खरीदी थी। आर्थिक परेशानी के चलते जब वह पॉलिसी की किस्तें जमा नहीं कर पाया, तो आरोपियों ने खुद को बैंक और बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया। उन्होंने पॉलिसी पर आसानी से लोन दिलाने का भरोसा दिया।

इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी और निकासी शुल्क के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 76 हजार 12 रुपये अपने खातों में जमा करा लिए। लेकिन रकम मिलने के बाद भी पीड़ित को न तो लोन मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए।

डीसीपी दक्षिण-पश्चिम अमित गोयल के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी बीमा पॉलिसी धारकों का डाटा जुटाकर उन्हें निशाना बनाते थे। ठगी की रकम म्यूल बैंक खातों के जरिए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की जाती थी। बरामद मोबाइल फोन से ठगी से जुड़ी चैट और बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।