दिल्ली क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में बिरयानी विक्रेता के साथ हुई सशस्त्र लूट के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई NR-II, क्राइम ब्रांच, दिल्ली की टीम ने की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महेंद्र पार्क थाने में दर्ज सशस्त्र लूट के मामले में वांछित था और वारदात के बाद से ही गिरफ्तारी से बच रहा था।
मामला आजादपुर फल मंडी के पास का है, जहां बिरयानी बेचने वाले व्यक्ति के साथ लूट की वारदात हुई थी। पुलिस के अनुसार, जब पीड़ित ने लूटपाट का विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे गोली मारकर घायल कर दिया था।
वारदात के बाद आरोपी करीब दो साल तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। लेकिन क्राइम ब्रांच ने लगातार जानकारी जुटाकर आरोपी तक पहुंच बनाई और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई को इंस्पेक्टर संदीप स्वामी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। वहीं, ACP गिरिश कौशिक के मार्गदर्शन और DCP श्री चंद्र कुमार सिंह की निगरानी में टीम ने कार्रवाई की।
क्राइम ब्रांच अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


