दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न सिर्फ दिल्ली के एक चर्चित लूटकांड में वांछित था, बल्कि कई मामलों में घोषित उद्घोषित अपराधी भी था।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की NR-I टीम ने थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया इलाके में हुई लूट की वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अगस्त 2024 में आरोपी ने एक मनी ट्रांसफर ऑपरेटर से करीब 3 लाख रुपये नकद से भरा बैग छीन लिया था। वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
क्राइम ब्रांच ने लक्षित खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर विशेष अभियान चलाया, जिसके दौरान आरोपी को दबोच लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हरियाणा में दर्ज 6 जघन्य आपराधिक मामलों में भी संलिप्त है। इसके अलावा वह 4 मामलों में घोषित उद्घोषित अपराधी भी था।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर अजय गहलावत के नेतृत्व में, एसीपी अशोक शर्मा के मार्गदर्शन और डीसीपी श्री चंद्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक अंजाम दी गई

