दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में तेज बारिश देखने को मिली, जबकि दिल्ली के भी कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश दर्ज की गई।
मौसम में आए इस बदलाव के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली-NCR में तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली-NCR के आसमान में बादल छाए हुए थे। हालांकि, करीब 10 बजे के आसपास अचानक तेज धूप निकल आई थी। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे से मौसम ने फिर करवट बदली और कई इलाकों में तेज हवा चलने लगी।
तेज हवाओं के बाद बारिश का दौर शुरू होने से तापमान में भी गिरावट महसूस की गई। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


