राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। बुधवार सुबह कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, लेकिन कुछ ही घंटों बाद तेज धूप और बढ़ी हुई नमी ने लोगों की परेशानी फिर बढ़ा दी। इसी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को गर्म व उमस भरे मौसम के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर सहित अन्य मौसम केंद्रों पर भी सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया। राजधानी के कुछ इलाकों में देर रात और तड़के हल्की बारिश हुई, लेकिन दिनभर मौसम शुष्क बना रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई के बाद मानसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने पर बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।
वहीं राजधानी की हवा में भी हल्का सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 159 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

