Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
Weather : दिल्ली में फिर बदला मौसम का मिजाज, 6 दिन बारिश के आसार; सुहावना रहेगा मौसम

Weather : दिल्ली में फिर बदला मौसम का मिजाज, 6 दिन बारिश के आसार; सुहावना रहेगा मौसम

Delhi Samachar13 August 2026, 11:04 AM8 views

दिल्ली में गुरुवार दोपहर एक बार फिर मौसम ने करवट ली। राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। सरोजिनी नगर बाजार में भी बारिश के दौरान राहगीर बचते हुए नजर आए। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले छह दिनों तक मौसम सुहावना रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 13 से 18 अगस्त तक राजधानी में आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। 13 अगस्त को सुबह से शाम के बीच एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है। 14 अगस्त को सुबह से दोपहर और फिर दोपहर से शाम के बीच कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

15 अगस्त को सुबह हल्की बारिश के साथ दोपहर से शाम के बीच भी बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं, 16 अगस्त को सुबह से शाम के बीच एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है। 17 और 18 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।

अगस्त के शुरुआती 11 दिनों में दिल्ली में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी। अब अगले कुछ दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने से मौसम सुहावना बना रह सकता है।

तापमान की बात करें तो इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। यानी अगले छह दिन दिल्ली में बादल और हल्की बारिश के साथ राहत भरा मौसम देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: