Delhi Samachar
UP : प्रतापगढ़ में छेड़खानी करने वालों की महिला सिपाहियों ने डंडों से की पिटाई, एक किलोमीटर तक ले गई पुलिस

UP : प्रतापगढ़ में छेड़खानी करने वालों की महिला सिपाहियों ने डंडों से की पिटाई, एक किलोमीटर तक ले गई पुलिस

Delhi SamacharDelhi Samachar13 October 2026, 07:37 AM6 views

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर देशभर में सवाल उठ रहे हैं, कहीं बेटियां अपने हक और सुरक्षा के लिए आवाज उठा रही हैं, तो कहीं सरेराह उनके साथ अभद्रता की घटनाएं सामने आ रही हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में छात्रा से छेड़खानी के आरोपियों के साथ पुलिस ने जो किया, उसका वीडियो अब चर्चा में है।

प्रतापगढ़ के भंगवा चुंगी चौराहे पर छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में दो युवकों को महिला पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। सामने आए वीडियो में महिला सिपाही दोनों युवकों को डंडों से पीटते हुए करीब एक किलोमीटर तक पैदल नगर कोतवाली ले जाती दिखाई दे रही हैं। दोनों युवक हाथ जोड़ते और लंगड़ाते हुए चलते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 12 अक्टूबर को शहर कोतवाली क्षेत्र के भंगवा चुंगी चौराहे पर पुलिस चौकी के ठीक बगल बाइक सवार दो युवकों ने एक छात्रा के आसपास कई बार चक्कर लगाए। आरोप है कि उन्होंने छात्रा से मोबाइल नंबर मांगा और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।

छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए पास की पुलिस चौकी में पहुंचकर शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए।

वीडियो में महिला सिपाहियों को आरोपियों से दोबारा छेड़खानी नहीं करने की चेतावनी देते हुए भी बताया जा रहा है। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

अब इस घटना के बाद सवाल है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सख्ती के साथ-साथ ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए और क्या कदम उठाए जाएंगे?

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।