दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर जारी विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों अपने कुछ साथियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
जानकारी के मुताबिक, सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP के कुछ अन्य सदस्य JDU कार्यालय परिसर की तरफ से अंदर आए और कथित तौर पर गेट पार करके जंतर-मंतर के एक हिस्से में पहुंच गए। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। मामले में FIR दर्ज किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
वहीं, आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में प्रदर्शनकारी 'भारत माता की जय' के नारे लगाते और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते दिखाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को CJP के अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी हिरासत में लिया गया था। तीनों ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले थे।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अब प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड जैसे वैकल्पिक स्थान निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई होनी है। अब सबकी नजरें अदालत के फैसले और दिल्ली पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


