Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का दौर खत्म? दिल्ली पुलिस के आदेश से हलचल

Delhi : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का दौर खत्म? दिल्ली पुलिस के आदेश से हलचल

Delhi SamacharDelhi Samachar12 October 2026, 09:15 AM7 views

दिल्ली में अब धरना-प्रदर्शन करने वालों को अपना ठिकाना बदलना पड़ सकता है! जिस जंतर-मंतर पर लंबे समय से विरोध की आवाज उठती रही है, उसे निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का फैसला लिया गया है। दिल्ली पुलिस के इस फैसले के बाद अब सवाल है कि आखिर प्रदर्शनकारियों को किन जगहों पर प्रदर्शन की अनुमति मिलेगी?

दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ा बदलाव किया है। नए फैसले के तहत जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है। वहीं, रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी मैदान को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों में शामिल किया गया है।

इस बदलाव का उल्लेख दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से जारी स्थायी आदेश में किया गया है। यह संशोधन 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पुराने स्थायी आदेश में आंशिक बदलाव के तहत किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। हालांकि, नए निर्धारित स्थलों पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए नियम और शर्तें क्या होंगी, इसे लेकर अलग से मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी जारी की जाएगी।

इस बदलाव के बाद दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति और उसके लिए तय स्थानों की व्यवस्था नए सिरे से लागू होगी। ऐसे में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने वाले लोगों की नजर अब नए दिशा-निर्देशों पर रहेगी।

अब देखना होगा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदर्शनकारियों के लिए प्रक्रिया कितनी आसान होती है और इसका दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों पर क्या असर पड़ता है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।