Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : शाहबाद डेयरी में रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Delhi : शाहबाद डेयरी में रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar11 October 2026, 09:11 AM9 views

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-25 में रैपिडो राइड बुक कर चालक को चाकू दिखाकर लूटने वाले तीन आरोपियों को शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अरमान (18), मितेश (19) और ताकीर (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटी गई रकम में से 600 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 7 और 8 अक्टूबर की दरमियानी रात रैपिडो चालक महावीर रोहिणी सेक्टर-25 में एक राइड की पिकअप के लिए पहुंचा था। इसी दौरान तीन आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि चाकू की नोक पर चालक से उसका पर्स, 1,500 रुपये नकद और मोटरसाइकिल लूट ली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बवाना की निगरानी और एसएचओ सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 120 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के जरिए पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय मोबाइल ऐप के जरिए राइड बुक करते थे और चालक को मौके पर बुलाकर कथित तौर पर लूटपाट करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।