बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित सुभाष रामलीला मैदान में भव्य आयोजन की शुरुआत हो चुकी है। 9 अक्टूबर की शाम यहां डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, कपल्स और महिलाओं ने पहुंचकर डांडिया खेला और जमकर आनंद उठाया। रंग-बिरंगी रोशनी, शानदार सजावट और डांडिया की धुन पर थिरकते लोगों ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया। वहीं, अब 10 अक्टूबर से इसी मैदान में भव्य रामलीला का मंचन भी शुरू होने जा रहा है।
नरेला के सुभाष रामलीला मैदान में इस बार आयोजन को खास और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। 9 अक्टूबर को शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित डांडिया कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक अंदाज में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की धुन पर डांडिया खेला और एक-दूसरे के साथ इस उत्सव का आनंद लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया।
डांडिया के इस आयोजन में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि लोगों को एक साथ जोड़ने और त्योहार की खुशियां साझा करने का भी खूबसूरत नजारा देखने को मिला।
वहीं, इस पूरे रामलीला ग्राउंड को बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया है। यहां झूलों से लेकर मंच और अन्य सजावटी व्यवस्थाओं तक हर चीज पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस बार आयोजन की खास थीम केदारनाथ पर आधारित रखी गई है, जिसकी झलक मैदान की सजावट और व्यवस्थाओं में देखने को मिल रही है।
आयोजकों की ओर से यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। सुरक्षा गार्ड, बाउंसर और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
अब 10 अक्टूबर से शुरू होने वाली भव्य रामलीला को लेकर भी लोगों में उत्साह है। ऐसे में देखना होगा कि इस बार नरेला के सुभाष रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं और दर्शकों की कितनी बड़ी संख्या पहुंचती है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


