दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर सीजेपी नेता अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बीच उनके परिवार से दुखद खबर सामने आई है। अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। इस खबर के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या अभिजीत दीपके अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई लौट पाएंगे?
जानकारी के मुताबिक, सावित्रीबाई शंकर दीपके ने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। एक तरफ परिवार इस दुख की घड़ी से गुजर रहा है, तो दूसरी तरफ अभिजीत दीपके दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।
वहीं, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद अभिजीत दीपके की आगे की स्थिति पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। जानकारी के अनुसार, पुलिस उन्हें आईजीआई एयरपोर्ट पर विमान के अंदर से हिरासत में लेने के बाद गुरुग्राम ले गई है। वहीं, सीजेपी के अन्य नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया, ताकि दिल्ली में किसी भी जगह भीड़ इकट्ठा न हो सके।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सीजेपी के तीनों नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका एक ही विमान से दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर पहले से तैनात पुलिस टीम ने उन्हें विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अभिजीत दीपके को परिवार के पास लौटने और अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने का मौका मिलेगा? फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


