दिल्ली के झंडेवालान मंदिर, कालकाजी मंदिर, छतरपुर मंदिर और बंगला साहिब रोड स्थित काली माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। माता रानी के दर्शन करने के लिए भक्त तड़के ही मंदिरों में पहुंचने लगे। चारों तरफ जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया।
नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। घरों से लेकर मंदिरों तक भक्तों ने माता रानी की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, श्रद्धालुओं ने अपने घरों और मंदिरों में घटस्थापना कर नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व की शुरुआत की।
दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर में सुबह मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना हुई। इस दौरान माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, बंगला साहिब रोड स्थित काली माता मंदिर में भी सुबह से भक्तों का आना-जाना लगा रहा।
छतरपुर स्थित आद्या कात्यायनी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, जबकि कालकाजी मंदिर में लंबी कतारों के बीच भक्त माता कालका की पूजा करते नजर आए।
नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में पूजा-पाठ, आरती और जयकारों के बीच दिल्ली में भक्ति का माहौल बना रहा। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भक्त मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


