दिल्ली के मयूर विहार इलाके में ई-रिक्शा से जा रही महिला का मोबाइल फोन झपटकर भाग रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी अरबाज खान (22) और फरदीन (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से महिला का छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर को चिल्ला गांव में महिला मीनाक्षी ई-रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए। इसी बीच मौके पर मौजूद कांस्टेबल सोनू ने तत्परता दिखाते हुए बाइक चला रहे आरोपी फरदीन को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अरबाज खान मौके से फरार हो गया।
इसके बाद मयूर विहार थाना पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अरबाज खान को त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक स्थित पार्क से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से महिला से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फरदीन पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पांडव नगर और कल्याणपुरी थानों में स्नैचिंग और चोरी के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

