दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। शारजाह से दिल्ली पहुंचे एक यात्री के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को ऐसा सोना मिला, जिसे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर लाया जा रहा था। सोने को देखकर पहली नजर में इसका पता लगाना भी आसान नहीं था।
जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने शारजाह से आए एक यात्री को जांच के लिए रोका। यात्री के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो बैग के कोनों में वायर की लाइनिंग के रूप में छिपाया गया सोना बरामद हुआ।
अधिकारियों ने कुल 241 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी शुद्धता 99.31 प्रतिशत बताई गई है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है। सोने को इस तरह छिपाया गया था कि वह सामान्य बैग की बनावट का हिस्सा नजर आए और जांच के दौरान आसानी से पकड़ में न आए।
कस्टम विभाग ने बरामद सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है, ताकि तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।
दिल्ली कस्टम विभाग का कहना है कि एयरपोर्ट पर तस्करी रोकने और सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निगरानी लगातार जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


