Delhi Samachar
UP : आगरा में खंडहर में मिली करोड़ों की नकली दवाएं, दवा माफिया पर शिकंजा

UP : आगरा में खंडहर में मिली करोड़ों की नकली दवाएं, दवा माफिया पर शिकंजा

Delhi SamacharDelhi Samachar06 October 2026, 06:10 AM6 views

आगरा के हाथरस रोड स्थित कांशीराम आवास के खंडहर में झाड़ियों और नाले के पास बड़ी मात्रा में दवाएं मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और औषधि विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चार बोरों में भरी दवाएं बरामद कीं। इनमें एंटी एलर्जिक और मधुमेह समेत कई तरह की दवाएं शामिल हैं।

औषधि निरीक्षक नीलेश शर्मा के मुताबिक, बरामद दवाओं में एलेग्रा एम, एमारिल, जोलरा और लोसार शामिल हैं। कुछ दवाओं की एक्सपायरी सितंबर और अक्टूबर की है, जबकि कई दवाएं नवंबर और दिसंबर में एक्सपायर होने वाली हैं। सभी दवाओं को जब्त कर थाना ट्रांस यमुना के मालखाने में रखवाया गया है।

इससे पहले 29 सितंबर को धनौली, मलपुरा में इकरार के बाड़े से करीब पांच करोड़ रुपये की दवाएं बरामद हुई थीं। इस मामले में इकरार, शामिन और मुकीम को गिरफ्तार किया गया था। जांच में इन दवाओं का कनेक्शन हिमांशु अग्रवाल के टेढ़ी बगिया स्थित गोदाम से सामने आया था। हिमांशु अग्रवाल और ट्रांसपोर्टर आशीष जैन फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

औषधि विभाग अब बरामद दवाओं के बैच नंबर का मिलान धनौली से जब्त दवाओं से करेगा और नमूने भी लिए जाएंगे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि दवाएं यहां किसने और कब फेंकीं। साथ ही शहर में मौजूद अन्य अवैध गोदामों की भी जांच की जा रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।