गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित स्नैचर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सेक्टर-1 वसुंधरा टी-पॉइंट पर हुई, जहां पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंडन की तरफ से बाइक पर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक, पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। उसकी पहचान दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 स्थित चिल्ला गांव निवासी 24 वर्षीय आमिर अली उर्फ अमन के रूप में हुई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, आमिर थाना इंदिरापुरम के एक मुकदमे में वांछित था। उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही पीली धातु का एक टुकड़ा भी मिला, जिसे थाना कविनगर से जुड़े मामले का बताया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुहैल के साथ दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में चैन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी की घटनाएं करने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


