Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
UP : बदायूं में बड़ा सड़क हादसा: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल

UP : बदायूं में बड़ा सड़क हादसा: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 से ज्यादा यात्री घायल

Delhi SamacharDelhi Samachar19 June 2026, 08:33 AM11 views

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शुक्रवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के नौली हरनाथपुर गांव के पास वाराणसी से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे बस अचानक चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल बदायूं रेफर किया गया। दुर्घटना में एक युवक का पैर कट गया, जबकि दूसरे युवक के पैर का पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घायलों में दिल्ली, हरियाणा, प्रयागराज, वाराणसी, उत्तराखंड और अन्य जिलों के यात्री शामिल हैं। एक ही परिवार के तीन सदस्य भी इस हादसे में घायल हुए हैं।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।