दिल्ली के कंझावला इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 44 वर्षीय दीपक की मौत को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला। इस मामले में पुलिस ने आरोपी SUV चालक सागर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को माजरा डबास निवासी दीपक अपनी स्कूटी से किसी काम के लिए निकले थे। इसी दौरान आरोपी सागर ने अपनी SUV से उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दीपक सड़क पर गिर पड़े, लेकिन आरोपी ने उन्हें बचाने की बजाय बेरहमी दिखाई। जांच में सामने आया कि उसने पहले SUV से दीपक के ऊपर वाहन चढ़ाया और फिर गाड़ी को पीछे लेकर दोबारा उन्हें कुचल दिया। इस निर्मम हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि टक्कर के बाद दीपक की स्कूटी SUV में फंस गई थी, जिसके कारण वाहन उन्हें कुछ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद पुलिस ने SUV को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन वारदात के कारण को लेकर वह लगातार अलग-अलग बयान दे रहा है। इसी वजह से पुलिस किसी बड़ी साजिश या पुरानी रंजिश की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयानों का सत्यापन किया जा रहा है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

