Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
दिल्ली के कंझावला में बड़ा पुलिस ऑपरेशन: STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद!

दिल्ली के कंझावला में बड़ा पुलिस ऑपरेशन: STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद!

रोहिणी ज़िले के कंझावला इलाके में STF और हथियार तस्करों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी राहुल सेहरावत को धर दबोचा। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर गोली चलाकर उसका साथी राहुल डबास मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Delhi SamacharDelhi Samachar05 August 2026, 10:40 AM19 views

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF ने रोहिणी ज़िले के कंझावला इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हथियारबंद गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह ऑपरेशन पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर स्पेशल पुलिस कमिश्नर देवेश चंद्र श्रीवास्तव, जॉइंट पुलिस कमिश्नर विजय सिंह और डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल की निगरानी में चलाया गया। फील्ड ऑपरेशन की कमान एसीपी अजय वेदवाल और इंस्पेक्टर अमित दहिया के नेतृत्व में STF टीम ने संभाली।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गाँव लाडपुर निवासी राहुल डबास उर्फ RDX उर्फ बलराम और राहुल सहरावत उर्फ राहुल आनंद वाटिका के पास मिलने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों नीरज बवाना और नवीन बाली के कथित सहयोगी हैं और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

सूचना के आधार पर STF टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही दोनों आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने अपनी गाड़ी की आड़ लेकर आत्मरक्षा में कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान राहुल सहरावत को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि राहुल डबास उर्फ RDX मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की चलाई गई एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि दो गोलियां पास में खड़ी एक हुंडई i20 कार में जा लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में एक राउंड फायर किया। इस पूरे घटनाक्रम में किसी पुलिसकर्मी या आरोपी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पाँच अवैध हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें जिगाना और ग्लॉक जैसी अत्याधुनिक पिस्तौलें शामिल हैं। इसके अलावा 18 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।