दिल्ली के पहाड़गंज में शॉपिंग के दौरान एक विदेशी महिला का बैग चोरी हुआ, तो किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि इस वारदात के पीछे 72 साल की महिला का हाथ होगा। लेकिन जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मामले की जांच में एक ऐसी आरोपी का नाम सामने आया, जिसके खिलाफ पहले से चोरी के 14 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
दरअसल, सेंट्रल जिला पुलिस की संगतराशन चौकी टीम ने विदेशी महिला का बैग चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए 72 वर्षीय आरोपी सविता गांधी उर्फ सरोज गांधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तम नगर इलाके से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही गुप्त सूचनाओं की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के कब्जे से चोरी किए गए 2,600 अमेरिकी डॉलर और 1 लाख 85 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद हुई है। वारदात के समय आरोपी ने जो कपड़े पहने थे, उन्हें भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी के खिलाफ चोरी के 14 पुराने मामलों की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बुजुर्ग होने का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देती थी। फिलहाल विदेशी महिला का पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


