आउटर नॉर्थ दिल्ली में चोरों के गैंग का बड़ा खुलासा!
स्पेशल स्टाफ ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 16 वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के रिहायशी इलाकों और DDA फ्लैटों को निशाना बनाते थे। ये आरोपी बिजली के तार, बिजली के मीटर और पानी के मीटर चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 72 किलो चोरी के बिजली के तार बरामद किए हैं, जिन्हें तीन बोरियों में रखा गया था। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
दरअसल, स्पेशल स्टाफ/आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट को चोर गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी के नेतृत्व में और ACP ऑपरेशंस दिनेश कुमार की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम में SI दीपक लाठवाल, ASI संदीप, HC संजय, HC अनिल, HC रवि और HC अतुल शामिल थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन खान, शरीफ, आरिफ और राजा मोहम्मद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, राजा मोहम्मद इस गिरोह का मास्टरमाइंड है और कबाड़ का काम भी करता है। पूछताछ में आरोपियों ने आउटर नॉर्थ जिले के अलग-अलग इलाकों में बिजली के तार, बिजली के मीटर और पानी के मीटर चोरी करने की बात कबूल की है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के सामान को बाद में ठिकाने लगाते थे।
इस कार्रवाई के बाद नरेला और नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के कुल 16 मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से आउटर नॉर्थ जिले में संपत्ति से जुड़े अपराधों पर लगाम लगाने में बड़ी कामयाबी मिली है।
आउटर नॉर्थ पुलिस की इस कार्रवाई ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो बिजली और पानी के मीटर से लेकर बिजली के तारों तक को अपना निशाना बना रहा था।


