दिल्ली के बवाना थाना इलाके में आधी रात को चली गोलियों और फिर ईंट-पत्थरों से हुए हमले ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। एक ही रात में दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। लेकिन इस डबल मर्डर की कहानी में एक ऐसा मोड़ सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
दरअसल, 15 नवंबर 2026 की आधी रात के करीब बवाना थाने में एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली। पुलिस जब महर्षि वाल्मीकि अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने 27 वर्षीय सचिन को मृत घोषित कर दिया। सचिन पूठ खुर्द गांव का रहने वाला था और उसके सीने में गोली लगी थी।
पुलिस ने जब घटनास्थल की जांच की तो मृतक के परिवार की गोशाला में खून के निशान और तीन खाली कारतूस मिले। इसके बाद करीब 100 मीटर दूर एक गली से दूसरा शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई।
पुलिस की शुरुआती जांच, CCTV फुटेज और स्थानीय पूछताछ में सामने आया कि आपसी झगड़े के बाद सोनू उर्फ प्रदीप ने सचिन को गोली मार दी थी। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने गुस्से में सोनू को पकड़कर ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने सचिन के भाई नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की पूरी वजह और अन्य पहलुओं को लेकर जांच जारी है।
रिपोर्ट: सोनू, आउटर नॉर्थ दिल्ली


