दिल्ली में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच की NDR टीम ने एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई करने वाले चार अहम आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के पास से Alprazolam और Tramadol की कुल 21 हजार 180 टैबलेट और कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन 14 किलो 226 ग्राम बताया गया है। इस कार्रवाई में तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
मामले की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने ड्रग्स कंट्रोल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक दवा की दुकान का भी खुलासा किया। जांच में सामने आया कि दुकान पर 31 अलग-अलग श्रेणियों की दवाओं का बिना वैध लाइसेंस और खरीद से जुड़े जरूरी बिलों के स्टॉक रखा जा रहा था।
इस पूरे ऑपरेशन को इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जबकि ACP उमेश बार्थवाल की निगरानी में टीम ने कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस अवैध सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


