दिल्ली के बवाना में शराब की सप्लाई का ऐसा खेल चल रहा था, जिसमें एक छोटी कमर्शियल गाड़ी के जरिए शराब की बड़ी खेप ठिकाने तक पहुंचाई जा रही थी। लेकिन पुलिस की गश्त के दौरान इस गाड़ी पर नजर पड़ गई और चेकिंग होते ही पूरा मामला खुल गया।
दरअसल, 9 नवंबर को आउटर नॉर्थ जिले के थाना बवाना की चौकी दरियापुर पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा ऐस गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। जांच में गाड़ी के अंदर अवैध शराब की भारी खेप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से गाड़ी चालक मोहम्मद चांद को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी उम्र 29 साल है और वह जेजे कॉलोनी, बवाना का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गाड़ी से 10 पेटी नाइट ब्लू व्हिस्की, 21 पेटी देसी शराब और 42 पेटी किंगफिशर बीयर बरामद हुई। कुल 73 पेटी में 2,054 बोतल और क्वार्टर शराब जब्त की गई। शराब की सप्लाई में इस्तेमाल टाटा ऐस गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई।
इस मामले में FIR नंबर 679/26 के तहत दिल्ली एक्साइज एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
ACP बवाना गौरव सिंह की निगरानी में SHO अखिलेश बाजपेई की टीम ने यह कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस शराब के स्रोत और सप्लाई लेने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


