Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
शाहबाद डेयरी में दिनदहाड़े खूनी वारदात! चाकू और ईंटों से हमला कर 20-25 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी फरार

शाहबाद डेयरी में दिनदहाड़े खूनी वारदात! चाकू और ईंटों से हमला कर 20-25 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी फरार

Delhi SamacharDelhi Samachar09 November 2026, 11:47 AM33 views

दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में एक बार फिर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। प्रकाश विहार, शाहबाद एक्सटेंशन पार्ट-2 में दिनदहाड़े कुछ युवकों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में युवक की जान चली गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान मोनू के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मोनू मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और अपनी पत्नी से मिलने के लिए शाहबाद डेयरी इलाके में अपने ससुराल आया हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान घर के बाहर मौजूद 3 से 4 युवकों ने उसे आवाज देकर बुलाया। इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मोनू पर चाकू और ईंटों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही शाहबाद डेयरी थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और इस हत्या में कौन-कौन शामिल था, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

रिपोर्ट – सोनू, आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।