दिल्ली के जनकपुरी में एक ऐसा कॉल सेंटर चल रहा था, जहां नामी बीमा कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को अपनी बातों में फंसाया जा रहा था। ग्राहकों को पॉलिसी अपग्रेड कराने और आकर्षक स्कीमों का लालच देकर कथित तौर पर ठगी का जाल फैलाया गया था। लेकिन इस पूरे सिंडिकेट पर उस वक्त पुलिस की नजर पड़ गई, जब वेस्ट जिला पुलिस ने छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जनकपुरी के A-3/11 स्थित AMSR Wealth Creators Pvt Ltd के नाम से यह अवैध कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहां काम करने वाले लोग खुद को PNB MetLife, SBI और ICICI Lombard जैसी बड़ी बीमा कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर ग्राहकों से संपर्क करते थे। पॉलिसी अपग्रेडेशन और नई स्कीमों के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कॉल सेंटर के मालिक विशाल कपूर, एडमिन, एचआर और दो मैनेजरों समेत कुल 43 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 32 युवतियां और 11 युवक शामिल हैं। इनमें से पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मौके से 2 लाख रुपये नकद, 48 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 38 सिम कार्ड, 22 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 619 डाटा शीट और 67 रजिस्टर बरामद हुए। जांच में मालिक के फोन से जुड़े दो बैंक खाते NCRP की पांच शिकायतों से लिंक मिले। जनकपुरी थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना की है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


