Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
रोहिणी सेक्टर-30 में नशीली दवाओं की सप्लाई करने पहुंचा तस्कर गिरफ्तार, 117 नशीली गोलियां और 28 इंजेक्शन बरामद

रोहिणी सेक्टर-30 में नशीली दवाओं की सप्लाई करने पहुंचा तस्कर गिरफ्तार, 117 नशीली गोलियां और 28 इंजेक्शन बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar04 November 2026, 11:36 AM14 views

रोहिणी सेक्टर-30 में नशीली दवाओं की सप्लाई का खेल चल रहा था, लेकिन इस बार डिलीवरी देने पहुंचे तस्कर को पुलिस की घेराबंदी का अंदाजा तक नहीं था। जैसे ही आरोपी सप्लाई देने के लिए मौके पर पहुंचा, शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने ट्रैप लगाकर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पंकज उर्फ कौआ उर्फ कांची के रूप में हुई है, जो शाहबाद डेयरी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की सप्लाई करने के लिए रोहिणी सेक्टर-30 पहुंचा था। तलाशी के दौरान उसके काले बैग से बड़ी मात्रा में साइकोट्रोपिक दवाएं बरामद हुईं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ब्यूप्रेनॉर्फिन और नालोक्सोन की 117 सबलिंगुअल गोलियां बरामद कीं, जिनका कुल वजन 10.94 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा फेनिरामाइन मैलिएट के 28 इंजेक्शन और एक जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई है।

इस मामले में शाहबाद डेयरी थाने में NDPS एक्ट की धारा 8(c)/22 के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट समेत 10 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। अब पुलिस इन नशीली दवाओं के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।