तिलक नगर की सड़क पर एक महिला की चीख गूंजी और पलक झपकते ही बदमाश उसके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। बदमाशों को लगा कि वारदात को अंजाम देकर वे पुलिस की पकड़ से दूर निकल चुके हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि दिल्ली पुलिस उनकी तलाश में पूरी सड़क का हिसाब खंगालने वाली है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी जिला पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की एक-एक फुटेज खंगाली गई, गलियों और रास्तों को जोड़कर आरोपियों की पहचान की गई। आखिरकार पुलिस ने बलबीर सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का मामला भी शामिल है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने महिला से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी नंबर DL8SCA8571 भी बरामद की है।
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने तिलक नगर के लोगों को भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। वहीं एडिशनल डीसीपी सौरभ चंद्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची है।
SHO बिनीत कुमार पांडे और ACP रिछपाल सिंह के नेतृत्व में ASI चंद्रहास, HC सुनील और HC नरेश की टीम ने यह कार्रवाई की। हालांकि, वारदात में शामिल दूसरा आरोपी बबला अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। यानी एक बदमाश सलाखों के पीछे पहुंच चुका है, लेकिन दूसरे की तलाश अभी जारी है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


