त्योहारी सीजन में ताश के पत्तों पर किस्मत आजमाने के नाम पर नकदी का बड़ा खेल चल रहा था। बाहर से सामान्य नजर आने वाली इस गतिविधि के पीछे बाकायदा जुए का अड्डा संचालित किए जाने का आरोप है। लेकिन दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने छापेमारी कर इस पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
दरअसल, मामला दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र के सावित्री नगर का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां कुछ लोग ताश के पत्तों पर नकद रुपये लगाकर अवैध जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही स्पेशल स्टाफ की टीम ने जाल बिछाया और मौके पर छापेमारी कर जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से दांव पर लगी 36 हजार रुपये की नकदी और 89 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पकड़े गए लोगों में 61 वर्षीय शम्मी को इस जुए के अड्डे का मुख्य आयोजक बताया जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि वह करीब एक महीने से इस गतिविधि को संचालित कर रहा था।
पकड़े गए आरोपियों में शम्मी, संजय, शुभम, दिनेश, शिवानू और मनोज शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुछ आरोपियों का पहले भी जुए से संबंधित मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
फिलहाल मालवीय नगर थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत FIR नंबर 483/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


