दिल्ली पुलिस के आउटर जिले की प्रो क्लेम्ड ऑफेंडर सेल ने कार्रवाई करते हुए दो घोषित अपराधियों (PO) को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत ने अलग-अलग आपराधिक मामलों में पेश न होने के चलते घोषित अपराधी करार दिया था।
पुलिस के अनुसार, टीम को दोनों आरोपियों के ठिकानों के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी कर उन्हें पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान सनी उर्फ गौतम (25), निवासी उत्तम नगर और विकास उर्फ नक्का उर्फ पट्टा (33), निवासी मंगोलपुरी के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि सनी पश्चिम विहार वेस्ट थाने में वर्ष 2016 में दर्ज चोरी और चोरी की संपत्ति से जुड़े मामले में अदालत द्वारा घोषित अपराधी था। वहीं, विकास मोहन गार्डन थाने में वर्ष 2020 में दर्ज घर में सेंधमारी और चोरी के मामले में घोषित अपराधी था।
आउटर जिला पुलिस के डीसीपी विक्रम सिंह के अनुसार, दोनों आरोपियों को प्रो क्लेम्ड ऑफेंडर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में एएसआई रणवीर, हेड कांस्टेबल प्रदीप रोहिल्ला, हेड कांस्टेबल प्रदीप और हेड कांस्टेबल दीपक शामिल रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमार


