दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर भड़काऊ नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के इस मामले में स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन परिसरों में खालिस्तान समर्थक और प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस यानी SFJ के समर्थन में भड़काऊ नारे लिखे गए थे। जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 की सीढ़ियों पर ये नारे लिखकर सार्वजनिक शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ्तार, सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत के रूप में हुई है।
इस मामले में दिल्ली मेट्रो के आजादपुर और एनएसपी थानों में डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट और मेट्रो रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


