Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर देशभर में साइबर ठगी; अंतरराष्ट्रीय मनी-म्यूल नेटवर्क के 5 आरोपी गिरफ्तार

फर्जी ट्रैफिक चालान के नाम पर देशभर में साइबर ठगी; अंतरराष्ट्रीय मनी-म्यूल नेटवर्क के 5 आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar01 November 2026, 10:34 AM13 views

एक क्लिक और आपके मोबाइल से सैकड़ों फर्जी मैसेज भेजे जा सकते हैं! साइबर ठग अब लोगों को सिर्फ फर्जी लिंक भेजकर ही नहीं, बल्कि उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल करके भी देशभर में ठगी का जाल फैला रहे हैं। साउथ-वेस्ट जिला साइबर पुलिस ने ऐसे ही एक अंतरराष्ट्रीय मनी-म्यूल सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, फर्जी ट्रैफिक चालान का लिंक भेजकर एक व्यक्ति से 2 लाख 21 हजार रुपये की ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि इस गिरोह के तार देश के कई राज्यों के साथ कुवैत से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के पे-आउट का लेनदेन हुआ है।

आरोपियों का तरीका भी बेहद शातिर था। ये 'Wingo Cash' जैसे रिवॉर्ड ऐप के जरिए लोगों को 1 से 3 रुपये का लालच देते थे। इसके बाद उनके मोबाइल फोन से ऑटोमैटिक तरीके से 3,300 से ज्यादा फिशिंग SMS भेजे गए।

पुलिस ने मुंबई, लखनऊ, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में कार्रवाई करते हुए मोती सिंह, हर्षपाल, विक्की, विशाल दास और बर्जेश कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच में देशभर की 544 NCRP शिकायतों के तार भी इस नेटवर्क से जुड़े मिले हैं।

आरोपियों के पास से एक कार, सोने की चेन, 15 मोबाइल और टैबलेट, 59 डेबिट कार्ड, 52 चेकबुक और पासबुक, 14 फर्जी फर्मों की मोहरें, 5 POS मशीनें और 8 QR कोड स्कैनर बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।