दिल्ली में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शाहदरा जिला AATS की टीम ने एक ऐसे शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पहले से ही स्नैचिंग और वाहन चोरी के 17 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। खास बात यह है कि आरोपी 12 अक्टूबर 2026 को ही जेल से बाहर आया था।
मामला दिल्ली के शाहदरा जिले का है, जहां AATS की टीम ने गुप्त सूचना और निगरानी के आधार पर दिलशाद गार्डन-गाजियाबाद कैरिजवे पर विवेक विहार क्षेत्र के पास जाल बिछाया। इसी दौरान पुलिस ने 23 वर्षीय रितेश उर्फ पीयूष टिंकू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पहाड़गंज का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर कुल चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें यामाहा R-15, होंडा एक्टिवा, हीरो स्प्लेंडर प्लस और सुजुकी एक्सेस शामिल हैं। जांच में सामने आया कि यामाहा R-15 बाइक सेंट्रल जिले के पटेल नगर इलाके से चोरी की गई थी।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी 12 अक्टूबर 2026 को जेल से छूटा था और बाहर आने के बाद कथित तौर पर दोबारा वाहन चोरी की वारदातों में शामिल हो गया। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए शाहदरा, सेंट्रल और साउथ जिले में दर्ज वाहन चोरी के चार मामलों को सुलझाने का दावा किया है।


