इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन शॉपिंग का लालच देकर लोगों को ठगने वाला एक ऐसा नेटवर्क सामने आया है, जिसके तार देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े मिले हैं। दिल्ली में एक छात्रा से हुई महज ₹6,450 की ठगी की जांच ने करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा कर दिया।
डीसीपी निहारिका भट्ट के नेतृत्व में नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर ठगी की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 200 मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों का विश्लेषण किया। इसके बाद ग्रेटर नोएडा और कानपुर में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जांच में 25 संदिग्ध बैंक खातों के जरिए ₹30 करोड़ से अधिक के क्रेडिट ट्रांजैक्शन का पता चला है। साथ ही, देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर ठगी की 27 शिकायतों के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 मोबाइल फोन, 45 सिम कार्ड, 39 POS मशीनें, 33 डेबिट कार्ड, 28 चेकबुक और 2 लैपटॉप बरामद किए हैं।
फिलहाल, पुलिस पूरे नेटवर्क की भूमिका और ठगी से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है। एक छोटी-सी शिकायत से सामने आए इस बड़े मामले ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


