Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
माया गैंग के गुर्गे समेत दो शातिर झपटमार गिरफ्तार, बटनदार चाकू और चोरी की बाइक बरामद; 11 मामले सुलझे

माया गैंग के गुर्गे समेत दो शातिर झपटमार गिरफ्तार, बटनदार चाकू और चोरी की बाइक बरामद; 11 मामले सुलझे

Delhi SamacharDelhi Samachar27 October 2026, 07:09 AM17 views

दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में पुलिस की चेकिंग देखकर भागने की कोशिश करना दो बाइक सवार बदमाशों को भारी पड़ गया। कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। जांच और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बटनदार अवैध चाकू, चोरी की बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात माया गैंग का सदस्य भी शामिल है, जो मकोका के मामले में वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, मदनपुर खादर के पुश्ता रोड पर चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद उमर अंसारी और 23 वर्षीय सुमित बेनीवाल के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान सुमित के पास से बटनदार चाकू बरामद किया गया। वहीं, दोनों के कब्जे से एनएफसी इलाके से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक और दो चोरी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, उमर माया गैंग का सदस्य है और मकोका के मामले में वांछित था। दोनों आरोपी अमर कॉलोनी थाने के घोषित बीसी हैं। इनके खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 29 मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस का दावा है कि दोनों की गिरफ्तारी से अमर कॉलोनी, एनएफसी और कालकाजी थाना क्षेत्रों में दर्ज 11 आपराधिक मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।