दिल्ली के जैतपुर की खड्डा कॉलोनी में चोरी करने पहुंचे एक आरोपी की हरकत ने पूरे मामले को अलग मोड़ दे दिया। मकान से सामान चोरी करने के बाद उसका साथी तो मौके से फरार हो गया, लेकिन दूसरा आरोपी नशे की हालत में उसी मकान के अंदर सो गया। जब मकान मालिक घर लौटा और अंदर चोर को सोते हुए देखा, तो उसने तुरंत बाहर से ताला लगा दिया और पुलिस को सूचना दे दी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी एक बंद मकान में छत का गेट मोड़कर दाखिल हुए थे। इस दौरान एक आरोपी एलपीजी सिलेंडर लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरा अत्यधिक नशे के कारण घर के अंदर ही सो गया। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने आरोपी दीपक उर्फ गोलू, उम्र 21 साल, को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर फरार साथी अमित उर्फ अंकित, उम्र 26 साल, को एनटीपीसी पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अमित ऑटो चालक है।
दोनों आरोपियों के कब्जे से 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर, पानी की मोटर, बिजली का केबल और चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


