दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में तस्वीरों को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक को चाकू से दो बार वार कर घायल कर दिया गया, जबकि उसके साथ मारपीट भी की गई। मामले में थाना पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को D-ब्लॉक स्थित सलमा चौक के पास चाकूबाजी की PCR कॉल मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रवि कुमार को BSA अस्पताल में भर्ती पाया। घायल के बयान के अनुसार, हनुमान मंदिर के पास आरोपियों ने उसे रोका और तस्वीरों को लेकर हुए विवाद में हमला कर दिया। आरोप है कि एक नाबालिग ने चाकू से वार किए, जबकि सनी और आकाश ने लात-घूंसों से पिटाई की। वहीं, राम प्रसिद्ध पर अन्य आरोपियों को जान से मारने के लिए उकसाने का आरोप है।
इस मामले में शाहबाद डेयरी थाने में FIR नंबर 690/2026 के तहत BNS की धारा 109(1)/3(5) में केस दर्ज किया गया।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कथित चाकू भी बरामद किया है। मामले में आगे की जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण जारी है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


