साउथ दिल्ली में गाड़ियों से लोगों का ध्यान भटकाकर कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ करने वाले कथित ‘ठक-ठक’ गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। साउथ डिस्ट्रिक्ट की AATS टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के सात मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टीम को आरोपी की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद मछली मार्केट, सेक्टर-4, पुष्प विहार के पास जाल बिछाया गया और ऋषि उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया। 22 वर्षीय आरोपी मदनगीर का रहने वाला है और पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट समेत 20 मामले दर्ज हैं।
आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक होंडा एक्टिवा, एक सुपर स्प्लेंडर और एक टीवीएस एनटॉर्क शामिल है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गाड़ियों से लोगों का ध्यान भटकाकर बैग में रखे कीमती सामान और नकदी चोरी करने वाली ‘ठक-ठक’ वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। अब पुलिस उसके फरार साथी चिराग की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


