दिल्ली में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले में नॉर्थ-ईस्ट जिला साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए म्यूल बैंक खाते का पता लगाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय सोनू खान और 38 वर्षीय अर्जुन चौधरी के रूप में हुई है।
दरअसल, जनकपुरी की रहने वाली एक महिला के साथ डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2 करोड़ 10 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए यमुना विहार स्थित एक बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया था। जांच के दौरान इस खाते की भूमिका सामने आने के बाद नॉर्थ-ईस्ट साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के मुताबिक, सोनू खान बैंक खाते का खाताधारक है, जबकि अर्जुन चौधरी को इस पूरे मामले में खाते का मुख्य संचालक बताया गया है। जांच में यह बात भी सामने आई कि दुकान खुलवाने के बदले बैंक खाते का कंट्रोल लिया गया था। इसके बाद खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को खपाने के लिए किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 6 डेबिट कार्ड, 10 चेकबुक और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में यह मामला स्पेशल सेल की IFSO यूनिट में दर्ज ई-एफआईआर से जुड़ा पाया गया है। फिलहाल, पुलिस ठगी की रकम के वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है और इस साइबर सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट - सन्नी तुषीर


